अन्नपूर्णा देवी की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद महासचिव जनार्दन पांडेय बोले- हर वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है अन्नकूट महोत्सव, 56 प्रकार के व्यंजनों का लगाया गया भोग जमशेदपुर, झारखंड। कदमा स्थित प्राचीन श्री श्री रंकिणी मंदिर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंदिर में मां अन्नपूर्णा देवी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा उन्हें 56 प्रकार के विभिन्न व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। पूजा के बाद बड़ी संख्या (1200) में पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता का आशीर्वाद लिया और श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति के महासचिव श्री जनार्दन पांडेय ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव पिछले 35 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन मंदिर की पुरानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। हर वर्ष भक्तों के सहयोग से इस महोत्सव को भव्य रूप दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अन्नकूट महोत्सव में मां अन्नपूर्णा की पूजा के साथ विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया जाता है और बाद में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया जाता है। उन्होंने बताया कि कदमा स्थित रंकिणी मंदिर जमशेदपुर के प्राचीन मंदिरों में से एक है। मंदिर के प्रति शहर और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। दूर-दूर से भक्त यहां पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं। अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भक्ति भाव से पूजा की और अन्नकूट प्रसाद ग्रहण किया। महोत्सव के सफल आयोजन में मंदिर समिति के अध्यक्ष दिलीप दास, महासचिव जनार्दन पांडेय, के.जी. गोविंद, आर.के. सतीश वर्मा, संजय कुमार, हरभजन सिंह, एस. रमेश, सुभाष, कार्तिक, मनोज कुमार, नवीन कुमार सहित समिति के सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
पूरी ख़बरें देखें — News Update