सांसद चंद्रशेखर आजाद ने वीडियो कॉल के जरिए पुलिस से की आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग, वीडियो सोशल मीडिया पर आया सामने, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच रायबरेली। जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रामचंद्रपुर मजरे में हुई इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए घटना को अंजाम देने की आशंका जताई है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जानकारी के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर शव दो टुकड़ों में मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने इसे सामान्य रेल हादसा मानने से इनकार करते हुए गांव के कुछ लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब सांसद चंद्रशेखर आजाद ने वीडियो कॉल के माध्यम से परिजनों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की। सांसद की वीडियो कॉल का वीडियो भी सामने आया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि रेलवे ट्रैक पर मिला शव हादसे का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
पूरी ख़बरें देखें — News Update