पत्नी अस्पताल में थी भर्ती, प्रसव के लिए मिलने जा रहे पति की सड़क हादसे में गई जान, परिवार की खुशियां मातम में बदलीं रायबरेली। रायबरेली-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार शाम नवाबगंज के पास वृंदावन कट के नजदीक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और बाइक की टक्कर में बाइक सवार 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान प्रदीप कुमार पुत्र बृजलाल निवासी खनवा कलसहा, थाना भदोखर, रायबरेली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रदीप बाइक से रायबरेली की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान वृंदावन कट के पास उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायल युवक को सीएचसी जगतपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि प्रदीप की पत्नी प्रसव के लिए सीएचसी जगतपुर में भर्ती थीं। वह अपनी पत्नी से मिलने अस्पताल जा रहे थे। परिवार में नए मेहमान के आने की खुशियां मनाने की तैयारी थी, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वागीश कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update