तेज धारा में करीब 500 मीटर तक बहती रही छात्रा, नाविक सूरज और मछुआरों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला बाहर; पुलिस की देरी पर उठे सवाल। रायबरेली। जिले के सरेनी थाना क्षेत्र के गेगासो गंगा घाट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब 17 वर्षीय छात्रा राधा ने गंगा पुल से नदी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते छात्रा गंगा की तेज धारा में बहते हुए करीब 500 मीटर दूर तक पहुंच गई। घटना के दौरान मौके पर मौजूद नाविक सूरज और अन्य मछुआरों ने साहस का परिचय देते हुए छात्रा को बचाने के लिए गंगा नदी में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मछुआरों ने छात्रा को नदी से बाहर निकाल लिया। उनकी तत्परता से छात्रा की जान बच सकी। बताया जा रहा है कि नदी से बाहर निकाले जाने के बाद छात्रा की सांसें चल रही थीं, लेकिन वह बेहोशी की हालत में थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी, इसके बावजूद पुलिस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान छात्रा काफी देर तक बेहोशी की हालत में नाव पर ही पड़ी रही। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय छात्रा राधा मूल रूप से फतेहपुर जनपद की रहने वाली बताई जा रही है। हालांकि, उसने किन परिस्थितियों में गंगा नदी में छलांग लगाई, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस घटना में नाविक सूरज और अन्य मछुआरों की बहादुरी की क्षेत्र में सराहना हो रही है। वहीं, सूचना मिलने के बावजूद पुलिस के देरी से पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। फिलहाल छात्रा का उपचार जारी है और पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update