मानवाधिकार मीडिया
photo

पटाखा चलाने के विवाद में पड़ोसी पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला, दो लोग घायल; तीन के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

पंकज विश्वकर्मा • Distt Reporter • Jaunpur • 🕐 09 Nov 2026, 05:04 PM

पटाखा चलाने के विवाद में पड़ोसी पर लाठी-डंडे और चाकू से हमला, दो लोग घायल; तीन के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज बक्शा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा अपराध संख्या 556/2026, घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा बक्शा, जौनपुर। थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में दीपावली की रात पटाखा चलाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पटाखा चलाने का विरोध करते हुए पड़ोसियों ने एक व्यक्ति पर लाठी-डंडे, फावड़ा, कुदाल और धारदार हथियार से हमला कर दिया। मारपीट में पीड़ित गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। पीड़ित द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 8 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। परिवार का एक छोटा बच्चा पटाखा चला रहा था। इसी बात को लेकर पड़ोसी सुनील दुबे पुत्र स्वर्गीय गोपीनाथ दुबे ने विरोध करते हुए लाठी-डंडे से हमला कर दिया। आरोप है कि इसके बाद सुनील की पत्नी अनीता दुबे ने फावड़ा और कुदाल फेंककर मारा तथा गाली-गलौज करते हुए लाठी से हमला किया। इसी दौरान उनके बेटे शक्ति दुबे ने कथित तौर पर चाकू से वार कर दिया, जिससे पीड़ित जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया और खून से लथपथ हो गया। पीड़ित का आरोप है कि जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपियों ने उसे लात-घूंसों और कुदाल से पीटा तथा जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर जब उसके परिजन बचाने पहुंचे तो उसके भाई आकाश दुबे पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से चले गए। तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज इस संबंध में बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 556/2026 में सुनील दुबे, अनीता दुबे और शक्ति दुबे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 110, 118(1), 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया