मानवाधिकार मीडिया

शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, फर्जी विवाह प्रमाणपत्र दिखाकर प्रताड़ित करने की शिकायत; एक के खिलाफ FIR दर्ज

पंकज विश्वकर्मा • Distt Reporter • Jaunpur • 🕐 09 Nov 2026, 05:01 PM

बक्शा पुलिस ने BNS की धारा 69 के तहत दर्ज किया मुकदमा, मामले की जांच में जुटी पुलिस बक्शा, जौनपुर। थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने दूर के रिश्तेदार पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, शादी से इनकार करने तथा फोटो और कथित फर्जी विवाह इकरारनामा दिखाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर बक्शा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी करीब 25 वर्षीय युवती ने बताया कि जौनपुर शहर के रुहट्टा निवासी आदर्श श्रीवास्तव उसका दूर का रिश्तेदार है। रिश्तेदारी के कारण आरोपी का उसके घर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। पीड़िता का आरोप है कि नवंबर-दिसंबर 2025 के दौरान आदर्श श्रीवास्तव ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। शादी का विश्वास दिलाकर उसके साथ दो बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब युवती ने शादी करने की बात कही तो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। तहरीर में आगे आरोप लगाया गया है कि इसके बाद जब युवती ने अपनी जिंदगी सामान्य तरीके से जीने का प्रयास किया तो आरोपी उसे परेशान करने लगा। आरोप है कि कुछ फोटो और कथित फर्जी विवाह इकरारनामा दिखाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इससे पीड़िता भयभीत है और अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा एवं भविष्य को लेकर चिंतित है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज इस संबंध में बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी आदर्श श्रीवास्तव पुत्र स्वर्गीय प्रवीण कुमार श्रीवास्तव निवासी रुहट्टा, थाना कोतवाली, जनपद जौनपुर के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 555/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया