विपक्षियों पर कार्रवाई के बजाय पीड़ित पक्ष का ही शांति भंग में किया चालान महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में तैनात एक दरोगा पर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग का बेहद गंभीर आरोप लगा है। ग्राम राजमंदिर कला टोला बगही निवासी शिवकुमार पासवान ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर थाने के दरोगा रविप्रकाश यादव पर रिश्वत मांगने काम के दौरान जबरन उठाने और थाने के कमरे में बंद कर बेरहमी से लाठियों से पीटने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि बीते 21 अक्टूबर को गांव के ही कुछ लोगों ने उसके पिता की पिटाई कर दी थी जिसकी तहरीर थाने में दी गई थी। इस मामले की जांच दरोगा रविप्रकाश यादव को सौंपी गई जिन्होंने कथित तौर पर पहले दिन से ही पीड़ित परिवार से रिश्वत की मांग शुरू कर दी। अत्यंत गरीब मजदूर होने के कारण जब पीड़ित परिवार पैसे नहीं दे सका तो दरोगा ने विपक्षियों पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा पीड़ित परिवार को ही प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।शिकायती पत्र के मुताबिक बीते 5 नवंबर को शिवकुमार परसौनी गांव में पेंटिंग मजदूरी का काम कर रहा था तभी दरोगा अपने हमराहियों के साथ पहुंचे और उसे जबरन उठाकर थाने ले आए। आरोप है कि थाने के एक कमरे में बंद कर दरोगा ने उसके साथ क्रूरतापूर्वक मारपीट की और शांति भंग के तहत चालान कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि दरोगा ने उसे धमकी दी है कि अगर उसने विपक्षियों से समझौता नहीं कराया तो पूरे परिवार की जिंदगी बर्बाद कर दी जाएगी। फिलहाल दरोगा के खौफ से भयभीत पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से दोषी दरोगा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update