घायल सीएचसी में भर्ती, पुलिस ने कार को लिया कब्जे में महराजगंज। जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र के लालपुर के पास रविवार को तेज रफ्तार कार और बाइक में आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक और उसके साथ बैठी रिश्तेदार महिला हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।बृजमनगंज थाना क्षेत्र के निवासी विनोद अपनी एक रिश्तेदार महिला को बाइक से लेकर घर लौट रहे थे। लालपुर के पास पहुंचते ही अनियंत्रित कार ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों खून से लथपथ हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों की टीम उनके इलाज में जुटी है। सूचना पर पहुंची पुलिस भी मामले में सक्रिय हो गई है। इस संबंध में थानाध्यक्षअभय नारायण सिंह ने बताया की दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भेजकर इलाज कराया जा रहा है। दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update