मानवाधिकार मीडिया
photo

खाकी सुस्त, चोर मस्त:10 लाख की चोरी, तीन महीने में तीन थानेदार बदले फिर भी गश्त फेल

baitullah khan • District Crime reporter • Maharajganj • 🕐 08 Nov 2026, 09:28 AM

खाकी सुस्त, चोर मस्त:10 लाख की चोरी, तीन महीने में तीन थानेदार बदले फिर भी गश्त फेल महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के बहादुरी इलाके में पुलिसिया गश्त की धज्जियां उड़ाते हुए चोरों ने शनिवार शाम करीब 4 बजे मैनहवा के टोला बगहवा में एक सुनसान घर को निशाना बनाया। शातिर चोर दिन-दहाड़े मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और अलमारियों से 10 लाख रुपये से अधिक के कीमती जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गए। जब गृहस्वामी श्यामबिहारी और उनकी पत्नी घर लौटे तो सामान बिखरा देख बदहवास हो गए।इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर बहादुरी क्षेत्र में लगातार चोरियां क्यों हो रही हैं। करीब तीन महीने पहले क्षेत्र से दो बाइक चोरी हुई थीं।जिनमें से एक का मुकदमा पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद जैसे-तैसे दर्ज किया जबकि दूसरी बाइक चोरी का मुकदमा आज तक दर्ज नहीं किया गया। हैरानी की बात यह है कि जब से बाइक चोरी हुई है तब से लेकर अब तक कोल्हुई थाने में तीसरे थानेदार को कमान मिल चुकी है लेकिन बहादुरी पुलिस की सुस्ती के कारण पीड़ित न्याय के लिए भटक रहे हैं और पुलिस की भूमिका पूरी तरह सवालों के घेरे में है। इस संबंध में हल्का इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि मौके पर जांच-पड़ताल की जा रही है और तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया