आर्केस्ट्रा देखकर घर लौट रहा था प्रिंस, रास्ते में दोस्त ने दिया वारदात को अंजाम; ASP पवन गौतम ने प्रेस वार्ता कर किया हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार। रायबरेली। जनपद के जगतपुर थाना क्षेत्र के पूरे त्रिलोक सिंह में दोस्ती के रिश्ते को कलंकित करने वाली सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां ऑनलाइन गेमिंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त प्रिंस पटेल की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, प्रिंस पटेल आर्केस्ट्रा देखकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसके दोस्त ने उसे रोक लिया और कथित रूप से ऑनलाइन गेमिंग के विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने प्रिंस की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जगतपुर पुलिस ने हत्याकांड में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। ऑनलाइन गेमिंग के विवाद में दोस्त के हाथों दोस्त की हत्या की इस घटना ने एक बार फिर युवाओं में बढ़ते विवादों और उनके गंभीर परिणामों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट: अतुल जौहरी
पूरी ख़बरें देखें — News Update