12 नवंबर को रामपुर करछना में जुटेंगे समर्थक, सक्षम करवरिया ने किया जनसंपर्क बोले- यमुनापार की धरती मेरा परिवार, अपनों का प्यार और आशीर्वाद ही मेरी ताकत मानवाधिकार मीडिया डिप्टी ब्यूरो चीफ अजय द्विवेदी प्रयागराज प्रयागराज। यमुनापार की धरती से अपने पारिवारिक और आत्मीय रिश्ते को रेखांकित करते हुए पूर्व विधायक इं. उदयभान करवरिया के पुत्र सक्षम करवरिया ने 12 नवंबर को रामपुर करछना में प्रस्तावित अराजनैतिक महासभा को लेकर जनसंपर्क तेज कर दिया है। गुरुवार को उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों से मुलाकात की तथा महासभा में सहभागिता की अपील की। इस दौरान सक्षम करवरिया ने कहा कि यमुनापार की धरती उनके लिए परिवार की तरह है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, “यमुनापार की धरती मेरा परिवार है और मैं आपका बेटा हूं। 12 नवंबर का दिन मेरे लिए बेहद खास है। इस दिन अपनों के बीच मिलने और उनका प्यार व आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।” उन्होंने बताया कि महासभा का आयोजन 12 नवंबर को सुबह 11 बजे रामपुर करछना स्थित सेंट जॉन्स एकेडमी के सामने किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी के विरोध अथवा समर्थन में नहीं है, बल्कि अपने लोगों के बीच संवाद स्थापित करने और जनसमर्थन की वास्तविक स्थिति को समझने का एक अवसर है। सक्षम ने कहा कि समय-समय पर आत्ममंथन करना और अपनों के बीच बैठकर सीधे संवाद करना जरूरी है। उनके पिता पूर्व विधायक इं. उदयभान करवरिया हमेशा जनता की आवाज बुलंद करते रहे हैं। ऐसे में अपने लोगों के बीच पहुंचकर उनके विचार, स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि महासभा को किसी एक व्यक्ति का कार्यक्रम न मानकर सामूहिक आयोजन के रूप में देखें और अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। जनसंपर्क के दौरान कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने कार्यक्रम में शामिल होने का भरोसा दिलाया। अजय द्विवेदी मानवाधिकार मीडिया प्रयागराज
पूरी ख़बरें देखें — News Update