मानवाधिकार मीडिया
photo

धनतेरस पर बक्शा क्षेत्र के बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, ज्वेलरी और बर्तनों की दुकानों पर लगी कतारें

पंकज विश्वकर्मा • Distt Reporter • Jaunpur • 🕐 06 Nov 2026, 05:07 PM

धनतेरस पर बक्शा क्षेत्र के बाजारों में उमड़ी भारी भीड़, ज्वेलरी और बर्तनों की दुकानों पर लगी कतारें शम्भूगंज, लखौवां, शिवगुलामगंज, अलीगंज ,नौपेड़वांऔर फतेहगंज बाजार में देर शाम तक रही रौनक, खरीदारी से कारोबारियों के खिले चेहरे बक्शा, जौनपुर। धनतेरस पर्व पर बक्शा थाना क्षेत्र के बाजारों में जमकर रौनक देखने को मिली। शम्भूगंज, लखौवां, शिवगुलामगंज, नौपेड़वां,अलीगंज सहित क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। खासकर सर्राफा और बर्तन की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। कई दुकानों पर इतनी भीड़ रही कि लोगों को खरीदारी के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। क्षेत्र के सबसे व्यस्त फतेहगंज बाजार में भी खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। बाजार में लोगों की आवाजाही इतनी अधिक रही कि जाम जैसी स्थिति बन गई। भीड़ को देखते हुए कई लोग बाजार जाने से भी कतराते नजर आए। धनतेरस पर खरीदारी के उत्साह से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। सर्राफा कारोबारी एवं भूषण ज्वेलर्स के मालिक विनोद सेठ ने बताया कि इस बार धनतेरस पर सोने की टेंपल ज्वेलरी, एंटीक ज्वेलरी और जड़ाऊ ज्वेलरी की मांग अधिक है। ग्राहकों में इन आकर्षक डिजाइनों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, बर्तन कारोबारी नितिन सूद ने बताया कि इस बार बाजार में अच्छी भीड़ है। ग्राहक स्टील, पीतल, कांसे और तांबे सहित विभिन्न प्रकार के बर्तनों की खरीदारी कर रहे हैं। धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ से कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है। उधर, बाजारों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बक्शा पुलिस लगातार भ्रमण करती रही। क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे और लोगों को खरीदारी में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया