50 किलो महुआ लहन किया गया नष्ट, आबकारी अधिनियम के तहत दो अभियोग दर्ज रायबरेली, 05 नवम्बर। जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने दो गांवों में दबिश देकर 10 लीटर अवैध कच्ची शराब और करीब 50 किलोग्राम महुआ लहन बरामद किया। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-4 अमित कुमार श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ सलोन तहसील के नसीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर गड़ा एवं परैया नमकसार में छापेमारी की। टीम ने अवैध कच्ची शराब बनाने के संदिग्ध ठिकानों और घरों की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान 10 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा लगभग 50 किलो महुआ लहन बरामद किया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत दो अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update