अपर बाजार में दोपहर 12:30 बजे से चारपहिया वाहनों की नो-एंट्री, सुबह 8 से रात 12 बजे तक बड़े मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध रिपोर्ट, इरफान अंसारी, राँची राँची। धनतेरस एवं दीपावली पर्व के मद्देनजर राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस अधीक्षक यातायात, रांची की ओर से जारी सूचना के अनुसार 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। आदेश के तहत प्रतिदिन दोपहर 12:30 बजे से रात 12 बजे तक अपर बाजार में सभी प्रकार के चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, रेडियम चौक से सुजाता चौक के बीच छोटे-बड़े सभी मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। इसके अलावा विक्रांत चौक से काली मंदिर चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। शहर में सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी वाहनों को डायवर्ट या कुछ समय के लिए रोका जा सकता है। यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन पार्क नहीं करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस प्रशासन को सहयोग करें, ताकि पर्व के दौरान जाम की समस्या से बचा जा सके।
पूरी ख़बरें देखें — News Update