विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदान केंद्रों का निरीक्षण, पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने और दस्तावेजों के सत्यापन पर दिया जोर जमशेदपुर, झारखंड। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत जिला उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों के साथ जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के बिरसानगर में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 89 पर प्राप्त प्रपत्रों एवं संबंधित दस्तावेजों की सुपर चेकिंग की। इसके अलावा मतदान केंद्र संख्या 106 के अंतर्गत विभिन्न घरों में पहुंचकर होम टू रोल वेरिफिकेशन के माध्यम से मतदाता सूची का परिवारवार सत्यापन किया। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पात्र मतदाताओं को प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने पदाधिकारियों एवं बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उपायुक्त ने सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं शुद्धता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए घर-घर सत्यापन और दस्तावेजों की जांच पूरी गंभीरता से की जाए।
पूरी ख़बरें देखें — News Update