जीआरपी जौनपुर की बड़ी कामयाबी: 72 गुमशुदा मोबाइल बरामद, यात्रियों को लौटाई खुशियां सर्विलांस टीम की मदद से अलग-अलग मामलों में बरामद हुए मोबाइल, करीब 26 मोबाइल धारकों को सौंपे गए फोन; वापस मिला खोया मोबाइल तो खिल उठे चेहरे जौनपुर। ट्रेनों में सफर के दौरान गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी कर जीआरपी जौनपुर पुलिस ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने विभिन्न तिथियों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों में कुल 72 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें से करीब 26 मोबाइल धारकों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर यात्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। सभी ने जीआरपी पुलिस की सराहना करते हुए टीम के प्रति आभार जताया। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे लखनऊ प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे जोन प्रयागराज एन. कोलांची, पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग प्रयागराज प्रशांत वर्मा तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह के निर्देशों के क्रम में की गई। थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़ के कुशल नेतृत्व में जीआरपी जौनपुर पुलिस और सर्विलांस टीम ने तकनीकी सहायता एवं सर्विलांस के जरिए गुमशुदा मोबाइल फोन की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद कुल 72 मोबाइल बरामद किए गए। इसके बाद अलग-अलग जनपदों और प्रांतों से पहुंचे करीब 26 मोबाइल धारकों को उनके मोबाइल फोन सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर यात्रियों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस टीम को धन्यवाद दिया। इस सराहनीय कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़, उपनिरीक्षक हरिकेश, शिवपूजन यादव, रवीन्द्र कुमार पटेल, रोहित राज यादव, गिरीश मिश्रा, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक अर्पित शर्मा सहित जीआरपी जौनपुर और सर्विलांस टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पूरी ख़बरें देखें — News Update