जिले के 15 आवासीय विद्यालयों को मिली रोटी मेकिंग मशीन, छात्राओं को अब मिलेगा गुणवत्तापूर्ण और विविधतापूर्ण भोजन जमशेदपुर, झारखंड। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले के आवासीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर और सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में जिला उपायुक्त राजीव रंजन की पहल पर डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) मद से जिले के 15 आवासीय विद्यालयों को रोटी मेकिंग मशीन उपलब्ध कराई गई है। इस पहल का उद्देश्य आवासीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को नियमित रूप से स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और बेहतर बनाना है। इसी क्रम में उपायुक्त राजीव रंजन ने केजीबीवी सुंदरनगर में रोटी मेकिंग मशीन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की छात्राओं के साथ बैठकर भोजन भी किया और भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उपायुक्त की इस पहल से छात्राओं में भी उत्साह देखने को मिला। रोटी मेकिंग मशीन उपलब्ध होने से विद्यालयों में कम समय में अधिक संख्या में रोटियां तैयार की जा सकेंगी। इससे भोजन तैयार करने की प्रक्रिया आसान होगी और छात्राओं को नियमित रूप से बेहतर एवं विविधतापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में सहूलियत मिलेगी। उपायुक्त राजीव रंजन ने स्पष्ट किया कि आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और बेहतर रहन-सहन की सुविधाएं जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के साथ-साथ उनके समुचित पोषण और आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update