मानवाधिकार मीडिया
photo

ड्रोन कैमरे से निगरानी कर मड़ियाहूं में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

पंकज विश्वकर्मा • Distt Reporter • Jaunpur • 🕐 04 Nov 2026, 03:42 PM

ड्रोन कैमरे से निगरानी कर मड़ियाहूं में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार 155 किलो अनार, 60 किलो सुतली बम समेत भारी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री बरामद; पटाखा बनाने के उपकरण और ड्रोन भी मिला *जौनपुर।* दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मड़ियाहूं पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी कर भण्डरिया टोला में संचालित अवैध पटाखा निर्माण के ठिकाने का भंडाफोड़ किया। मौके से भारी मात्रा में तैयार पटाखे, विस्फोटक सामग्री और पटाखा बनाने के उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान भण्डरिया टोला में अवैध रूप से पटाखे बनाने और उनका भंडारण किए जाने का मामला सामने आया। मौके से इम्तियाज अहमद (48) और उसके पुत्र मोहम्मद कैफ (23), निवासी भण्डरिया टोला, थाना मड़ियाहूं को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान पांच बोरियों में रखे 155 किलोग्राम अनार और सुतली बम के चार पैकेटों में 60 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। इसके अलावा करीब 19.5 किलोग्राम सिंघाड़ा पटाखा, 16 किलोग्राम बारूद पाउडर, 37 किलोग्राम सोरा, 23.4 किलोग्राम गंधक, 15.2 किलोग्राम कोयला पाउडर और 9 किलोग्राम लकड़ी का बुरादा भी मिला। पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री, कागज, रैपर, बाती, एल्यूमीनियम कतरन, पाइप, औजार और 1530 खाली मिट्टी की अनार घरिया भी बरामद की गईं। मौके से निगरानी में इस्तेमाल किया जाने वाला एक ड्रोन कैमरा भी मिला। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5/9बी(1)(ए)(बी) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 433/2026 दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से पटाखा बनाने, भंडारण करने और बेचने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार शीतला प्रसाद सिंह समेत मड़ियाहूं थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया