मानवाधिकार मीडिया
photo

रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी रोकने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक, सुरक्षा के प्रति किया सतर्क

पंकज विश्वकर्मा • Distt Reporter • Jaunpur • 🕐 04 Nov 2026, 10:40 AM

रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी रोकने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक, सुरक्षा के प्रति किया सतर्क चांदपुर गांव में चलाया जागरूकता अभियान, रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पत्थरबाजी की घटनाओं से दूर रहने की दी हिदायत जौनपुर। उच्चाधिकारियों के आदेश-निर्देशों के अनुपालन में रेलवे सुरक्षा को लेकर जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन क्षेत्र के चांदपुर गांव में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे रहने वाले ग्रामीणों को पत्थरबाजी जैसी घटनाओं के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए सतर्क रहने की अपील की गई। अभियान के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि रेलवे ट्रैक पर पत्थर फेंकना, ट्रेनों को निशाना बनाना और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध है। इस तरह की घटनाओं से यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है और बड़ी दुर्घटना होने की आशंका रहती है। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी करता है या संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित रेलवे पुलिस अथवा सुरक्षा एजेंसियों को दें। साथ ही बच्चों और युवाओं को भी रेलवे ट्रैक के आसपास अनावश्यक घूमने तथा किसी भी प्रकार की शरारत से दूर रखने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि रेलवे सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीणों के सहयोग से ही ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया