जमशेदपुर, झारखंड। परिसदन, जमशेदपुर में झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सह माननीय विधायक श्री सुरेश पासवान ने की। बैठक के दौरान झारखंड विधानसभा में विभिन्न विधायकों द्वारा उठाए गए प्रश्नों के विभागवार अनुपालन, उनके क्रियान्वयन की स्थिति तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। सभापति ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से लंबित प्रश्नों और उनके निष्पादन की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विधानसभा में उठाए गए सभी लंबित प्रश्नों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अनुपालन प्रतिवेदन में सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। सभापति ने कहा कि जनहित से जुड़े विषयों पर प्रशासनिक स्तर पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा।
पूरी ख़बरें देखें — News Update