भाजपा सरकार में खुद के नेता को नहीं मिल रहा न्याय, 13वें दिन भी जारी रहा अनशन

नौतनवां/महराजगंज (आज): भारतीय जनता पार्टी के मंडल मंत्री (नौतनवां पश्चिम) विक्रम पासवान न्याय की आस में तेरहवें दिन भी नौतनवां तहसील परिसर में आमरण अनशन पर डटे हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।

ग्राम गंगवलिया टोला करौता निवासी विक्रम पासवान का मामला वर्षों पुराने सरकारी जमीन के अतिक्रमण से जुड़ा है। वर्ष 2021 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस अतिक्रमण को हटाने का आदेश दिया था, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने इसे नजरअंदाज कर दिया।

सूत्रों की मानें तो प्रशासन पर रसूखदार लोगों का दबाव है, जिसके चलते केवल औपचारिक कार्रवाई कर मामले को टाल दिया जाता है। विक्रम पासवान का कहना है कि वह न्याय की उम्मीद में बार-बार अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन हर बार उन्हें निराशा हाथ लगी।

सबसे गंभीर सवाल यह है कि जब सत्ताधारी दल का एक नेता ही न्याय के लिए आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर है, तो आम लोगों की स्थिति क्या होगी? लगातार बढ़ती प्रशासनिक लापरवाही से जनता में आक्रोश गहराता जा रहा है और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share