संवाददाता लखनऊ–संविदा बिजली कर्मचारियों ने चौक डिवीजन के बिजली उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। घंटाघर, नादान महल, मेहताब बाग, विक्टोरिया पावर हाउस और मेडिकल कॉलेज समेत 5 उपकेंद्रों पर काम करने वाले कर्मचारियों ने वेतन न मिलने पर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन कर रहे बिजली कर्मचारियों ने कहा कि यह बहुत दुखद है कि दीपावली जैसे पर्व पर भी हमें वेतन नहीं मिला। हम तमाम बिजली कर्मचारी दिवाली के मौके पर लोगों के घरों को रोशन कर रहे थे। मगर वेतन न मिलने से हमारे घर में अंधेरा था।
पिछले दो महीने से वेतन की मांग को लेकर अधिकारियों के सामने गुहार लगा रहे हैं। मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। दिवाली से पहले हमें आश्वासन मिला था कि सबको वेतन मिल जाएगा मगर नहीं मिला। वेतन न मिलने के कारण डेढ़ सौ कर्मचारी दिवाली का पर्व अपने परिवार के साथ नहीं मना पाए।
कर्मचारियों ने बताया- अधिकारी और सरकार में बैठे हुए लोग बार-बार आश्वासन देते हैं की सैलरी आ जाएगी। अवनी परिधि कंपनी के माध्यम से हम लोग नौकरी कर रहे थे। अब अधिकारी कह रहे हैं कि वह कंपनी भाग गई। नई कंपनी आई है उसे सब कर्मचारी अपने कागजात जमा कर दें उसके बाद सैलरी को लेकर चर्चा होगी।
नई कंपनी के द्वारा यह कहा गया है कि सभी बिजली उपकेंद्र से 7 कर्मचारी हटाए जाएंगे। कुल 25% कर्मचारियों की छटनी की जाएगी। अगर हमारे साथ का एक भी कर्मचारी हटाया गया तो सब लोग अनिश्चितकालीन बहिष्कार करेंगे।