रायबरेली। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के सिरसा घाट स्थित सई नदी में कलश यात्रा के दौरान डूबे युवक का शव तीसरे दिन कड़ी मशक्कत के बाद SDRF की टीम ने बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरे कोइली मजरे कोरिहर निवासी अंकुल पुत्र संतराम दो दिन पूर्व गांव में आयोजित भागवत कथा से पहले निकाली गई कलश यात्रा के दौरान सई नदी में डूब गया था। घटना के बाद से ही पुलिस और SDRF की टीम लगातार नदी में युवक की तलाश कर रही थी। आखिरकार तीसरे दिन टीम को सफलता मिली और युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी शिवेंद्र शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में परिवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
पूरी ख़बरें देखें — News Update