मानवाधिकार मीडिया

नरकोपी के बोबरो सियां टोली में पिता पर 17 वर्षीय बेटे की हत्या का आरोप, इलाके में सनसनी नौवीं कक्षा का छात्र था मृतक नितेश उरांव, घटना के बाद आरोपी पि

IRFAN ANSARI • राँची जिला व्यूरो चीफ • Ranchi • 🕐 03 Nov 2026, 10:38 AM

संवाददाता/राँची जिला व्यूरो/मानवाधिकार मीडिया नरकोपी/राँची। राजधानी राँची के नरकोपी थाना क्षेत्र अंतर्गत बोबरो सियां टोली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता पर अपने ही 17 वर्षीय बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान नितेश उरांव (17 वर्ष), पिता देवनाथ उरांव के रूप में हुई है। वह मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र था। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी देवनाथ उरांव (38 वर्ष) की मानसिक स्थिति पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। बताया जाता है कि वह अक्सर रात में घर से निकलने की कोशिश करता था। इसी कारण उसका बेटा नितेश रातभर जागकर पिता की देखभाल और निगरानी करता था। बताया जा रहा है कि घटना की रात भी नितेश अपने पिता की देखभाल के लिए जागता रहा। सुबह करीब चार बजे नींद लगने के बाद वह सो गया। इसी दौरान पिता पर घर में रखी कुल्हाड़ी से बेटे पर हमला करने का आरोप है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मृतक की मां बगल के कमरे में खाना बना रही थी। आवाज सुनाई देने के बावजूद उसने इसे सामान्य घरेलू गतिविधि समझा। कुछ देर बाद आरोपी पिता ने खुद बाहर आकर ग्रामीणों को बेटे की हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पर नरकोपी थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार टुडू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की तैयारी की। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर मॉडर्न पब्लिक स्कूल के निदेशक आरिफ इकबाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्कूल प्रबंधन की ओर से शोक में आज विद्यालय बंद रखने की घोषणा की गई है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। नोट: आरोपी की मानसिक स्थिति और घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच एवं चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।

पूरी ख़बरें देखें — News Update
© 2026 मानवाधिकार मीडिया