197 पुराने मरीजों का फॉलोअप, 43 नए मरीजों की हुई जांच; भारत सरकार के अपर सचिव राहुल शर्मा ने मरीजों से किया संवाद जमशेदपुर घाटशिला, झारखंड। मिर्गी से पीड़ित मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके नियमित उपचार, नि:शुल्क दवा और निरंतर चिकित्सकीय परामर्श सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की पहल पर अनुमंडल अस्पताल, घाटशिला में विशेष जांच एवं फॉलोअप शिविर का आयोजन किया गया। जिला उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान कुल 240 मरीजों को चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई गई। इनमें 197 पूर्व से उपचाररत मरीजों का फॉलोअप किया गया, जबकि 43 नए मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। चिकित्सकों ने मरीजों के स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन करते हुए नियमित रूप से दवा लेने, समय-समय पर जांच कराने तथा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी। इस दौरान भारत सरकार के अपर सचिव श्री राहुल शर्मा ने शिविर में पहुंचकर मरीजों से सीधे संवाद किया। उन्होंने मरीजों से उपचार की उपलब्धता, नि:शुल्क दवाओं तथा चिकित्सकीय सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही इस विशेष पहल की उपयोगिता एवं प्रभावशीलता का भी जायजा लिया। जिला प्रशासन का उद्देश्य मिर्गी से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए भटकने से बचाना और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता, मरीजों की नियमित निगरानी और समय पर चिकित्सकीय परामर्श सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस पहल से मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिलने के साथ उनके स्वास्थ्य प्रबंधन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update