वैगनआर की जोरदार टक्कर से सेवानिवृत्त पंचायत सचिव की मौत, परिवार में मचा कोहराम बक्शा में राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर लखौवां जनता ढाबा के सामने हुआ हादसा, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; बक्शा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर लखौवां स्थित जनता ढाबा के सामने सोमवार दोपहर करीब एक बजे तेज रफ्तार वैगनआर कार की टक्कर से बाइक सवार सेवानिवृत्त पंचायत सचिव की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 66 वर्षीय राय साहब सिंह पुत्र स्वर्गीय दान बहादुर सिंह, निवासी हरिदासपुर, थाना बदलापुर के रूप में हुई। वह पंचायत विभाग में पंचायत सचिव के पद से सेवानिवृत्त थे। बताया जाता है कि वह किसी निजी कार्य से जौनपुर आए थे और सोमवार को बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लखौवां हाईवे पर जनता ढाबा के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके पर पहुंची वैगनआर कार चालक कार लेकर मौके पर फरार हो गया पुलिस कार और चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू दिया है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update