प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में स्वच्छ ऊर्जा की ओर बदलाव तेज़ी पकड़ रहा है। इसमें सौर ऊर्जा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। श्री मोदी ने यह बात केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी और ब्लूमबर्ग एल.पी. के संस्थापक माइकल आर. ब्लूमबर्ग द्वारा लिखे गए एक लेख को साझा करते हुए कही। प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया कि यह लेख नवीकरणीय ऊर्जा के विकास, रूफटॉप सोलर के विस्तार और भंडारण व ट्रांसमिशन में निवेश पर जोर देता है। इसमें यह भी रेखांकित किया गया है कि कैसे यह बदलाव बिजली के बिलों को कम करने, रोजगार के अवसर पैदा करने और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में मदद कर रहा है। श्री जोशी द्वारा लिखे गए एक अन्य लेख को साझा करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सौर ऊर्जा यात्रा नए अवसरों के द्वार खोल रही है। श्री मोदी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने ‘पीएम सूर्य घर’ और ‘पीएम-कुसुम’ जैसी पहलों से प्रेरित भारत में सौर ऊर्जा के विकास पर प्रकाश डाला है। श्री जोशी ने अपने लेख में इस बात पर भी जोर दिया कि इस क्षेत्र में आगे क्या संभावनाएं हैं। सौर ऊर्जा संचालित कृषि और ऊर्जा भंडारण से लेकर विनिर्माण और ग्रीन जॉब्स (पर्यावरण-अनुकूल नौकरियां) तक के व्यापक अवसर मौजूद हैं। वहीं, देश अपने 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में काम कर रहा है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update