बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान मुरासु में बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, यह चक्रवात कल तड़के आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट से टकराएगा। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि तूफान के दौरान हवा की गति 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को आज बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में और बुधवार सुबह तक दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में न जाने की सलाह दी है। विभाग ने आज तटीय आंध्र प्रदेश में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, रायलसीमा, तमिलनाडु, पु्द्दुचेरी, कराईक्काल और तेलंगाना में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। अगले दो दिनों में छत्तीसगढ़, केरलम, माहे, ओडिशा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में बिजली चमकने तथा आंधी आने का भी अनुमान जताया है।
पूरी ख़बरें देखें — News Update