झांसी महानगर:वन महोत्सव केवल हरियाली बढ़ाने का प्रयास नहीं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम

Bobby Chawla

July 1, 2025

रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में वन महोत्सव का भव्य शुभारंभ

झाँसी एवं दतिया परिसर में 3000 पौधों के रोपण का लक्ष्य

झाँसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी में एक सप्ताह तक चलने वाले वन महोत्सव का आज भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अशोक कुमार सिंह ने करंज एवं चम्पा के पौधों का रोपण कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

हरियाली और सतत विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता
कुलपति प्रो. सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में पिछले 3–4 वर्षों से नियमित रूप से वन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो हरित पहल और सतत विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि परिसर में सभी वृक्षों की जियो टैगिंग की गई है, जिससे उनकी डिजिटल निगरानी, प्रबंधन और संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। प्रत्येक वृक्ष पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से संबंधित प्रजाति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस महोत्सव के अंतर्गत करंज, इमली, चूरेल, बहेड़ा, नीम, सागवान, महोगनी, सिंदरी, अरड्डू आदि विविध प्रजातियों के पौधे रोपित किए जाएंगे। यह आयोजन केवल झाँसी परिसर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि दतिया परिसर में भी समान रूप से यह महोत्सव मनाया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित हो।

पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम
कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिष्ठाता (उद्यानिकी एवं वानिकी) डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने की। उन्होंने कहा, “वन महोत्सव केवल हरियाली बढ़ाने का प्रयास नहीं, बल्कि छात्रों, शिक्षकों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति चेतना और उत्तरदायित्व का भाव जागृत करने का एक प्रभावशाली माध्यम है।”

3000 पौधों के रोपण का लक्ष्य
कार्यक्रम के संयोजक एवं वानिकी विभागाध्यक्ष डॉ. एम. जे. डोबरियाल ने बताया कि इस सप्ताह भर चलने वाले महोत्सव में कुल 3000 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम का संचालन सदस्य सचिव डॉ. स्वाति शेडगे ने किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारीगण — डॉ. आर. के. सिंह (अधिष्ठाता, कृषि), डॉ. एस. के. चतुर्वेदी (निदेशक, अनुसंधान), डॉ. अनिल गुप्ता (निदेशक, शिक्षा), डॉ. एस. के. सिंह (निदेशक, प्रसार शिक्षा), विभागाध्यक्षगण, शिक्षकगण, एनएसएस स्वयंसेवक, विद्यार्थी एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

टीम मानवाधिकार मीडिया से आनन्द बॉबी चावला झांसी।

Share