श्रीमंत माधव राव सिंधिया की विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहे ज्योतिरादित्य: डाॅ0 वीरेन्द्र कुमार


माधव की विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहे ज्योतिरादित्य: डाॅ0 वीरेन्द्र कुमार

पूर्व केन्द्रीय मंत्री कैलाशवासी श्रीमंत माधवराव सिंधिया की 79वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा टीकमगढ़ के सर्किट हाऊस स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डाॅ0 वीरेन्द्र कुमार एवं अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अमित नुना ने की। प्रतिमा पर द्वीप प्रज्जवलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया तत्पश्चात सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बारी-बारी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इस अवसर पर केन्द्रीयमंत्री डाॅ0 वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि स्व0 माधवराव सिंधिया का देश की राजनीति में अग्रणी स्थान रहा है। देश और प्रदेश के विकास में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जायेगा। मुझे लोकसभा में उनके साथ कार्य करने का अवसर मिला है मेरे उनसे पारिवारिक संबंध रहे हैं। उन्हें जो भी दायित्व मिला उसका निर्वहन उन्होंने पूरी जिम्मेदारी से किया। देश के विकास की जिस यात्रा की शुरूआत स्व0 माधवराव सिंधिया ने की थी आज उनके सुपुत्र केन्द्रीय मंत्री मण्डल में मेरे साथी ज्योतिरादित्य सिंधिया उसे हमारे साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ा रहे हैं और अपनी ऊर्जावान कार्यशैली से अपने मंत्रालय में कार्य करते हुए देश को बड़ी पहचान दिलाने का कार्य कर रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष अमित नुना ने कहा कि स्व0 सिंधिया ने अपने राजनैतिक जीवन की शुरूआत जनसंघ से की थी। उन्होंने प्रदेश और देश की लम्बे समय तक सेवा की, उनके द्वारा किये गये विकास कार्यों को देश की जनता सदैव याद रखेगी। कार्यक्रम के संयोजक विकास यादव ने कहा कि स्व0 माधवराव सिंधिया मेरे जैसे लाखों कार्यकर्ताओं के प्रेरणापुंज हैं। हम सभी को उनके बताये मार्ग पर चलकर प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने में सहयोग करना चाहिये। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री आशुतोष भट्ट, विज्ञान भारती के पूर्व संगठन मंत्री प्रजातंत्र गंगेले, नगर मण्डल अध्यक्ष रोहित वैशाखिया, तहसीलदार गोविन्द सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार श्रीपत अहिरवार, जीतू सेन, जैकी यादव, मीडिया सह प्रभारी स्वप्निल तिवारी, लक्ष्मन सिंह परिहार, राजाराम यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे।
भवदीय
विकास यादव

Share