रिपोर्ट- राम प्रकाश वर्मा
बलरामपुर। शुक्रवार को स्थानीय बाजार में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा राजेंद्र नगर से शुरू होकर महदेईया बाजार तक उत्साहपूर्वक निकाली गई।
यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े होकर तिरंगे के सम्मान में अभिवादन किया और इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बने। यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राम निवास वर्मा ने किया। उनके साथ राजेश भारती, ग्राम प्रधान शिवशंकर सैनी, अन्नू वर्मा, साहिल खान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सेना के शौर्य को सलाम किया और देश की एकता-अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर राम निवास वर्मा ने कहा कि हमारी सेना ने पराक्रम और साहस का जो परिचय ऑपरेशन सिंदूर में दिया है, वह प्रत्येक भारतीय को गर्व से भर देता है। इस यात्रा के माध्यम से हम देश की जनता को यह संदेश देना चाहते हैं कि राष्ट्र सबसे पहले है।
राजेश भारती ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा न सिर्फ सेना के सम्मान में है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को यह बताने का प्रयास है कि देश की रक्षा के लिए हम सभी एकजुट हैं।
प्रधान शिवशंकर सैनी ने कहा कि देशवासियों को सेना के पराक्रम पर गर्व है और हर भारतीय को अपनी भूमिका निभानी चाहिए ताकि भारत सशक्त और सुरक्षित बना रहे।
कार्यक्रम के अंत में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और भारत माता की जय के नारों के साथ यात्रा का समापन हुआ।
